आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को एसआई आर कार्य का भुगतान नहीं मिला, नाराजगी
1 min readमिल्कीपुर अयोध्या।
मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में लगी आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और सहायिकाओं को एक वर्ष बीतने के बाद भी मानदेय का भुगतान नहीं हो सका है। भुगतान न होने से कार्यकर्त्रियों में भारी आक्रोश है।
अमानीगंज ब्लॉक क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री सोनू पाण्डेय ने बुधवार 10 सितंबर को बताया कि पिछले वर्ष के दौरान अमानीगंज ब्लॉक की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और सहायिकाओं ने घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन का कार्य किया था। दिन-रात मेहनत करने के बाद भी आज तक 6000 रुपये की मानदेय राशि खाते में नहीं आई है।
कार्यकर्त्रियों का कहना है कि एसआईआर कार्य शुरू होने से पहले अधिकारियों द्वारा आश्वस्त किया गया था कि कार्य समाप्त होते ही मानदेय की धनराशि सीधे उनके बैंक खाते में भेज दी जाएगी। लेकिन एक वर्ष होने को है, अभी तक भुगतान लंबित है। सहायिकाओं ने बताया कि अन्य जिलों में एसआईआर का भुगतान कब का हो चुका है, लेकिन अयोध्या जिले के मिल्कीपुर तहसील में ही भुगतान रोका गया है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने बताया कि वे पहले से ही कम मानदेय पर काम कर रही हैं और ऊपर से अतिरिक्त कार्य कराया जाता है। एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण कार्य में बीएलओ के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने के बाद भी भुगतान न मिलना अन्याय है। कई कार्यकर्त्रियों ने उधार लेकर फील्ड का काम पूरा किया था, जिसके पैसे भी अभी तक नहीं मिले।
इस संबंध में उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर पवन कुमार शर्मा ने गुरुवार 10 सितंबर को बताया कि तहसील क्षेत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और सहायिकाओं द्वारा एस आई आर में जो कार्य किया गया था, उसका बिल वाउचर बनाकर जिला मुख्यालय भुगतान के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही ट्रेजरी से इनका भुगतान करा दिया जाएगा।
वहीं आंगनबाड़ी संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो वे जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करने को बाध्य होंगी।

