September 11, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

रेलवे पुल पर चढ़ा युवक, प्रेमिका को बुलाने के साथ शादी करने की जिद पर अड़ा

1 min read
Spread the love

बांदा

प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक शुक्रवार सुबह रेलवे पुल पर चढ़ गया और करीब दो घंटे तक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। युवक अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने और उससे शादी कराने की मांग पर अड़ा रहा। प्रेमिका के आने तक पुल से नहीं उतरने और आत्महत्या करने की धमकी से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस की पहल पर प्रेमिका को मौके पर बुलवाया गया, जिसके बाद युवक पुल से नीचे उतरा।
मामला मटौंध थाना क्षेत्र के केन नदी स्थित रेलवे पुल का है। शहर के चमरौडी निवासी विकास शर्मा का शहर की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। युवक प्रेमिका से शादी करना चाहता था, लेकिन परिवार के राजी नहीं होने से नाराज होकर शुक्रवार सुबह करीब छह बजे रेलवे पुल पर चढ़ गया। पुल पर पहुंचने के बाद उसने प्रेमिका को मौके पर बुलाने की जिद शुरू कर दी। उसके न आने पर युवक पुल से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देता रहा। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई चौकी प्रभारियों को तत्काल सक्रिय किया। भूरागढ़ चौकी प्रभारी अरविंद कुमार सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने उसकी सुरक्षा को देखते हुए पुल के नीचे गोताखोरों और नाविकों का भी इंतजाम कराया। करीब दो घंटे तक युवक पुल पर ही डटा रहा। पुलिस लगातार उससे बातचीत कर नीचे उतरने के लिए समझाती रही, लेकिन वह प्रेमिका के आने की मांग पर अड़ा रहा। इसके बाद पुलिस ने प्रेमिका को मौके पर बुलवाया। प्रेमिका के पहुंचने के बाद युवक पुल से नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ। पुलिस ने उसे सकुशल नीचे उतारने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
प्रेमिका के आने के बाद खत्म हुआ ड्रामा
सुबह छह बजे से शुरू हुआ घटनाक्रम करीब दो घंटे तक चला। प्रेमिका के मौके पर पहुंचने के बाद ही युवक ने पुल से नीचे उतरने पर सहमति जताई। युवक के नीचे उतरते ही पुलिस ने राहत की सांस ली। इस दौरान बड़ी संख्या में तमाशबीन भी मौके पर जुट गए थे।
एसपी के निर्देश पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी पलाश बंसल के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई। युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस ने लगातार बातचीत के साथ ही पुल के नीचे गोताखोरों और नाविकों की व्यवस्था रखी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सकुशल नीचे उतारकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान भूरागढ़ चौकी प्रभारी अरविंद कुमार, जेल चौकी प्रभारी प्रदीप सोनी, कालवन गंज चौकी प्रभारी शुभम कौशिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *