August 30, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

एसपी का ताबड़तोड़ निरीक्षण, दो थानों की परखी व्यवस्था, लापरवाही पर दी चेतावनी

1 min read
Spread the love

गोंडा: एसपी का ताबड़तोड़ निरीक्षण, दो थानों की परखी व्यवस्था, लापरवाही पर दी चेतावनी

अभिलेखों से लेकर बैरक तक खंगाला, दिए कड़े निर्देश

गोंडा, संवाददाता। जिले की कानून-व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए नवागत पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने मोर्चा संभाल लिया है। एसपी ने दो दिन में दो थानों का औचक निरीक्षण कर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। शुक्रवार को उन्होंने कोतवाली कर्नलगंज और शनिवार को नवाबगंज थाने का सघन निरीक्षण किया।

कोतवाली कर्नलगंज: एक-एक रजिस्टर की हुई जांच

शुक्रवार को एसपी अभिषेक झा अचानक कोतवाली कर्नलगंज पहुंच गए। थाने में अफरा-तफरी मच गई। एसपी ने सबसे पहले थाना परिसर, कार्यालय, हवालात, मालखाना, बैरक, भोजनालय और शस्त्रागार का जायजा लिया। उन्होंने क्राइम रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, भवन रजिस्टर और बीट सूचना रजिस्टर को तलब कर एक-एक पन्ना पलटा। अभिलेखों को अद्यावधिक और व्यवस्थित न पाए जाने पर नाराजगी जताई और तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

नवाबगंज: डिजिटल कार्यप्रणाली परखी

शनिवार को नवाबगंज थाने के निरीक्षण में एसपी ने डिजिटल पुलिसिंग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने थाना कार्यालय और बीट के कार्यों को अधिक से अधिक डिजिटल माध्यम से करने और यक्ष ऐप का प्रभावी उपयोग करने को कहा। थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की गहन समीक्षा की।

एसपी ने दिए 5 कड़े निर्देश-

दोनों थानों में लंबित विवेचनाओं, प्रार्थना पत्रों और अभियोगों की समीक्षा करते हुए एसपी ने पांच कड़े निर्देश दिए कि लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण हो। थाने पर आने वाले हर फरियादी से शालीन और संवेदनशील व्यवहार किया जाए। महिला और बाल अपराधों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। वांछित, वारंटी और सक्रिय अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी कर निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रभावी गश्त, बीट भ्रमण और जनसंवाद बढ़ाया जाए।
एसपी ने पुलिसकर्मियों की बैरक, भोजनालय और उनकी समस्याओं को भी सुना और कल्याण संबंधी समस्याओं के प्राथमिकता से निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और टीम भावना से काम करें, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना और अपराधियों में कानून का भय कायम रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *