अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कार सवार डॉक्टर की मौत
1 min readसुल्तानपुर। अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के नारायणपुर इलाके में नवजीवन हॉस्पिटल के पास ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान विपरीत दिशा से ले जाई जा रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान गभड़िया निवासी मोहम्मद अख्तर (डॉक्टर अख्तर) के रूप में हुई है। हादसे में कार सवार मोहम्मद राशिद और शैलेन्द्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि कार सवार ट्रक को ओवरटेक कर रहे थे। इसी दौरान कार विपरीत दिशा में चली गई और अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार डॉक्टर अख्तर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

