सड़क सुरक्षा को लेकर एक्शन मोड में जिला कलक्टर, 5 घंटे में तीनों हाईवे का निरीक्षण; मनियां में चला बुलडोजर,
1 min readधौलपुर,
सड़क सुरक्षा को लेकर जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी एक्शन मोड में नजर आए। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के बाद जिला कलक्टर ने समिति के पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ करीब 5 घंटे तक जिले से गुजरने वाले तीनों राष्ट्रीय राजमार्गों का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने एक ही मिनी ट्रैवलर में सवार होकर एनएच-44, एनएच-123 और एनएच-11बी के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान ब्लैक स्पॉट, दुर्घटना संभावित क्षेत्र, अवैध अतिक्रमण, हाईवे किनारे संचालित दुकानें, अवैध सर्विस सेंटर और संपर्क मार्गों की स्थिति देखी गई। जिला कलक्टर ने एनएचएआई अधिकारियों को ब्लैक स्पॉट की नियमित मॉनिटरिंग के साथ पर्याप्त संकेतक, चेतावनी बोर्ड, रोड मार्किंग और विजिबिलिटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मनियां में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर
मनियां क्षेत्र में हाईवे सीमा में किए गए अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन ने मौके पर ही बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की। हाईवे किनारे संचालित अवैध दुकानों और अन्य गतिविधियों को भी हटाया गया। अवैध रूप से संचालित वाहनों के सर्विस सेंटरों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वहीं हाईवे किनारे यूरिया बिक्री के लिए किए गए अतिक्रमण तथा अवैध कांटों को भी हटाने के निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि हाईवे की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संपर्क मार्गों और आवारा पशुओं पर भी फोकस,
निरीक्षण के दौरान हाईवे से जुड़ने वाले संपर्क मार्गों पर पर्याप्त विजिबिलिटी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही हाईवे पर आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित विभागों को प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
जिला कलक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करना होगा।
निरीक्षण के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव, पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता मधुसूदन राव, एनएचएआई अधिकारी, यातायात पुलिस के महेश सिंह, न्याय दर्शन संस्था के सचिव रंजीत दिवाकर, आईटी सेल के अजय शर्मा सहित सड़क सुरक्षा समिति के पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

