सैपऊ में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, मिठाई समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए,
1 min readसैपऊ, धौलपुर
त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने ‘शुद्ध आहार एवं मिलावट पर वार अभियान’ के तहत सैपऊ कस्बे में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मिठाई समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। कार्रवाई की सूचना से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त टी. शुभमंगला एवं जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदम सिंह परमार के नेतृत्व में टीम ने चित्रकूट मिष्ठान भंडार सहित कई दुकानों से नमूने लिए। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
अधिकारी ने बताया कि 21 अगस्त से जिलेभर में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। त्योहारों के दौरान दूध, मावा, मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए लगातार नमूनीकरण किया जा रहा है।
प्रयोगशाला जांच में मिलावट या निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता एवं गुणवत्ता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी गौरव परिहार, महावीर सिंह, रविंद्र मीणा एवं सहायक कर्मचारी किशन सिंह मौजूद रहे। विभाग ने आगामी दिनों में भी मिलावट के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।

