हाईवे लूट के तीसरे आरोपी को पुलिस ने दबोचा, 315 बोर का कट्टा और 2 जिंदा कारतूस बरामद
1 min read,
धौलपुर,
सदर थाना पुलिस ने 2 अगस्त को बाड़ी रोड पर हुई लूट की वारदात में शामिल तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध देशी कट्टा और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी बाड़ी रोड पर किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़ा था।
पुलिस के अनुसार 2 अगस्त की शाम चांदपुर के पास तीन बदमाशों ने बाइक सवार व्यक्ति को रोककर उसके सिर पर कट्टे के बट से वार किया था। बदमाश बाइक, मोबाइल, पर्स, दस्तावेज और करीब 7 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए थे। मामले में पीड़ित की रिपोर्ट पर सदर थाने में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उदल (26) पुत्र मौहर सिंह, निवासी निभी, थाना बसईडांग, जिला धौलपुर को बाबा ढाबा, बाड़ी रोड के पास गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से अवैध देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस मिले। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग प्रकरण दर्ज किया गया है।
इस मामले में पुलिस पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। उनके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल और मोबाइल भी बरामद किया जा चुका है। तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस लूट की वारदात के खुलासे की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई मान रही है।
कार्रवाई एसपी विकास सांगवान के निर्देशन, एएसपी वैभव शर्मा एवं सीओ प्रदीप कुमार के सुपरविजन में थानाधिकारी महेश मीना के नेतृत्व में की गई। टीम में एएसआई अरुण कुमार, कांस्टेबल राजेन्द्र (477), कांस्टेबल सोनू (369) और चालक कांस्टेबल पुरुषोत्तम (903) शामिल रहे।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

