सरयू आदर्श बालिका इंटर कॉलेज रोड तालाब में तब्दील, छात्राओं की पढ़ाई पर संकट
1 min readकर्नलगंज का सबसे बदहाल रास्ता, अभिभावक बोले—हादसे का इंतजार कर रहा प्रशासन
कर्नलगंज, गोण्डा। बरसात शुरू होते ही कर्नलगंज नगर की सरयू आदर्श बालिका इंटर कॉलेज रोड तालाब में तब्दील हो गई है। सड़क पर घुटने तक पानी और कीचड़ भरा होने के कारण छात्राओं, बच्चों और राहगीरों का आवागमन मुश्किल हो गया है। विद्यालय आने-जाने वाली छात्राओं को रोजाना इसी जलभराव से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे उनकी पढ़ाई के साथ-साथ सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे करीब 33 सेकंड के वीडियो में सड़क की बदहाली साफ दिखाई दे रही है। पूरी सड़क पानी में डूबी है और कई स्थानों पर नाली का गंदा पानी सड़क पर बहता नजर आ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह मार्ग लंबे समय से उपेक्षा का शिकार है और बारिश के दिनों में स्थिति बेहद भयावह हो जाती है।
छात्राओं को हो रही भारी परेशानी
जलभराव के कारण छात्राओं के बैग और किताबें भीग जाती हैं। सड़क के गड्ढे पानी में छिप जाने से दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।स्थानीय लोगों के मुताबिक दोपहिया वाहन सवार कई बार फिसलकर गिर चुके हैं।
एक अभिभावक ने नाराजगी जताते हुए कहा, “बेटी को स्कूल भेजने में डर लगता है। प्रशासन को आखिर यह बदहाली दिखाई क्यों नहीं दे रही?”
नाला जाम, सड़क पर बह रहा गंदा पानी
मौर्य भवन के पास मिस्कौट क्षेत्र में स्थित यह मार्ग नगरपालिका परिषद कर्नलगंज के अंतर्गत आता है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे नाला जाम होने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण हर साल बरसात में यही स्थिति पैदा होती है। जमे गंदे पानी और आसपास पड़े कचरे से दुर्गंध फैल रही है तथा संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि पानी भरने से सड़क के गहरे गड्ढे दिखाई नहीं देते। ऐसे में पैदल राहगीरों के साथ-साथ बाइक और साइकिल सवारों के लिए भी दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि समस्या कोई नई नहीं है, बावजूद इसके स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। लोगों ने नाली की तत्काल सफाई, जलनिकासी की व्यवस्था और सड़क की मरम्मत/निर्माण कराने की मांग की है।
नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगरपालिका परिषद कर्नलगंज से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर मौके पर निरीक्षण कराने तथा स्थायी समाधान कराने की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदारों की नींद खुलेगी।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद कर्नलगंज और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई जवाब प्राप्त नहीं हो सका।


