अंधेरे में हरिजन बस्ती, खराब ट्रांसफार्मर से ग्रामीण बेहाल
1 min readतीन दिन से अंधेरे में हरिजन बस्ती, खराब ट्रांसफार्मर से ग्रामीण बेहाल
लोलेपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़ी भूलकी बस्ती में बिजली संकट, विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल
सुल्तानपुर
ग्राम सभा भूलकी में हरिजन बस्ती की ओर जाने वाली बिजली लाइन का ट्रांसफार्मर पिछले तीन दिनों से खराब पड़ा है। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पूरी बस्ती की बिजली आपूर्ति ठप है। भीषण गर्मी के बीच लगातार तीन दिन से बिजली न मिलने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना संबंधित विद्युत कर्मचारियों को दे दी गई है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया। बिजली आपूर्ति बाधित होने से घरों में पानी की व्यवस्था, बच्चों की पढ़ाई समेत रोजमर्रा के जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि शिकायत के बावजूद तीन दिन बीत जाने के बाद भी ट्रांसफार्मर ठीक नहीं कराया गया है। इससे बस्ती के लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।
ग्रामीणों ने लोलेपुर विद्युत उपकेंद्र के अधिकारियों से तत्काल खराब ट्रांसफार्मर को दुरुस्त अथवा बदलवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करेंगे।

