परसपुर में गूंजी तिरंगा यात्रा, आदर्श तिवारी ‘आजाद’ के नेतृत्व में उमड़ा राष्ट्रभक्ति का सैलाब
1 min readवंदे मातरम् के 150 वर्ष पर परसपुर में गूंजी तिरंगा यात्रा, आदर्श तिवारी ‘आजाद’ के नेतृत्व में उमड़ा राष्ट्रभक्ति का सैलाब
परसपुर, गोंडा।
वंदे मातरम् गायन के 150 वर्ष पूर्ण होने एवं स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 13 अगस्त को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में परसपुर नगर में भव्य तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद गोंडा के विभाग संयोजक आदर्श तिवारी ‘आजाद’ की गरिमामयी उपस्थिति एवं सक्रिय सहभागिता में आयोजित इस यात्रा में महाकवि तुलसीदास महाविद्यालय, बेनी माधव जंग बहादुर इंटर कॉलेज, एनसीसी, एनएसएस, परिषद के पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं सहित हजारों छात्र-छात्राओं और नगर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महाकवि तुलसीदास महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ हुई तिरंगा पदयात्रा परसपुर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए भौरीगंज मोड़ तक पहुंची। हाथों में लहराते तिरंगे और भारत माता के जयघोष से पूरा नगर राष्ट्रभक्ति के भाव से सराबोर नजर आया। युवाओं के जोश और देशभक्ति के नारों से यात्रा का वातावरण देखते ही बन रहा था। यात्रा में बेनी माधव जंग बहादुर इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ के साथ महाकवि तुलसीदास महाविद्यालय परसपुर के एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। विभाग संयोजक आदर्श तिवारी ‘आजाद’ ने कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। उनके नेतृत्व में परिषद के कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से तिरंगा यात्रा को भव्य स्वरूप मिला। इस अवसर पर महाकवि तुलसीदास महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. बीना सिंह, पूर्व विभाग प्रमुख एवं प्रोफेसर डॉ. शिवप्रकाश सिंह, प्रोफेसर सीमा तिवारी, रंजू सिंह , अनुपम सिंह , डॉ. दयाशंकर मिश्रा, डॉ. अजीत सिंह , श्री अरविंद सिंह, जिला प्रमुख डॉ. पवन कुमार शुक्ला, जिला संगठन मंत्री देवेंद्र प्रताप, नगर अध्यक्ष डॉ. हरेंद्र यादव सहित परिषद के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। नगर मंत्री नयमेश प्रताप सिंह, दुर्गेश निगम, विशाल कुमार, मनीष यादव, आनंद सोनी, हर्षिता सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भी यात्रा में सहभागिता की। यात्रा के दौरान भारत माता के जयघोष, राष्ट्रभक्ति के नारों और तिरंगे की छटा से परसपुर नगर का माहौल देशभक्ति से भर गया। यात्रा के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। इसके बाद विद्यार्थियों एवं अन्य प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। आयोजकों ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। तिरंगा पदयात्रा का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यबोध और सामाजिक एकता की भावना को और मजबूत करना है। आदर्श तिवारी ‘आजाद’ के नेतृत्व में निकली इस भव्य तिरंगा यात्रा ने परसपुर में राष्ट्रभक्ति का ऐसा वातावरण बनाया, जिसमें छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों का उत्साह देखते ही बना। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्र के प्रति समर्पण का संकल्प लेते हुए जय हिंद, जय भारत का उद्घोष किया।

