त्योहारी सीजन में खाद्य प्रतिष्ठानों पर सीएमएचओ डॉ मीणा के नेतृत्व में कार्रवाई
1 min read
मिठाई, पनीर, मावा एवं कुकिंग ऑयल के लिए गए नमूने, साफ-सफाई को लेकर नोटिस जारी
धौलपुर,
त्योहारी सीजन को देखते हुए आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावट के विरुद्ध अभियान तेज कर दिया गया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा टी शुभमंगला एवं जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी के निर्देशानुसार गुरुवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीणा के नेतृत्व में खाद्य सामग्री विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापामार कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने बीकानेर मिष्ठान भंडार से घेवर एवं कुकिंग ऑयल के दो नमूने लिए। इसी प्रकार मोर मुकुट मिष्ठान भंडार से पनीर एवं यूज्ड कुकिंग ऑयल तथा जोधपुर मिष्ठान भंडार से बर्फी एवं मावा मिठाई के नमूने लिए गए। लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों पर साफ-सफाई का स्तर संतोषजनक नहीं पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किए गए। खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय के दौरान स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदम सिंह परमार ने बताया कि टीम द्वारा लिए गए खाद्य नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट अथवा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित खाद्य कारोबारी के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। खाद्य कारोबारियों से अपील की गई कि वे केवल मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री का ही विक्रय करें तथा प्रतिष्ठानों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। साथ ही आमजन से भी अपील की गई कि वे खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकेजिंग, लेबल एवं स्वच्छता का ध्यान रखें और संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना संबंधित विभाग को दें।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

