पुलिस का दरवाजा, छात्राओं और महिलाओं ने जाना थाने का सिस्टमसुरक्षा सखियों,
1 min read
धौलपुर के सभी थानों में खुला पुलिस का दरवाजा, छात्राओं और महिलाओं ने जाना थाने का सिस्टम
सुरक्षा सखियों,
महिला सीएलजी सदस्यों और छात्राओं को पुलिस कार्यप्रणाली की जानकारी; थानों में पौधारोपण कर दिया सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश,
धौलपुर, राजस्थान
महिला सुरक्षा और जागरूकता को लेकर धौलपुर पुलिस ने गुरुवार को जिले के सभी पुलिस थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर एक साथ बड़ा जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और एडीएफ बाड़ी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में आयोजित कार्यक्रम में सुरक्षा सखियों, महिला सीएलजी सदस्यों और सीनियर सेकेंडरी स्कूल एवं कॉलेज की छात्राओं को संबंधित थानों का भ्रमण कराया गया।
छात्राओं ने करीब से समझी पुलिस की कार्यप्रणाली,
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और महिला सदस्यों को थाना परिसर का भ्रमण कराते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली, विभिन्न शाखाओं एवं व्यवस्थाओं तथा आमजन की शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, पुलिस सहायता, साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव सहित महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।
पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं को संदेश दिया कि किसी भी तरह की परेशानी या अपराध की स्थिति में वे डरने के बजाय बेझिझक पुलिस से संपर्क करें। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि महिला सुरक्षा से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
थानों में महिलाओं ने लगाए पौधे
कार्यक्रम को पर्यावरण संरक्षण से भी जोड़ा गया। सुरक्षा सखियों, महिला सीएलजी सदस्यों और छात्राओं ने थाना परिसरों में वृक्षारोपण किया। इस दौरान लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में शामिल महिलाओं और छात्राओं का पुलिस की ओर से स्वागत एवं सम्मान भी किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना और सहज संवाद स्थापित करना है।
धौलपुर पुलिस की इस पहल से पुलिस और आमजन के बीच संवाद एवं समन्वय मजबूत करने के साथ महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण तैयार करने की दिशा में प्रयास को गति मिली है।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

