पत्रकारों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर
1 min readअयोध्या में
अयोध्या। स्वतंत्रता दिवस के उत्सव से पहले गुरुवार को सिविल लाइंस स्थित गांधी पार्क से पत्रकारों ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। सैकड़ों पत्रकारों एवं नागरिकों के हाथों में लहराता तिरंगा और डीजे पर बजते देशभक्ति गीतों से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा में महिलाओं, बालिकाओं और युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
राकेश तिवारी, अंतरिक्ष तिवारी समेत कई पत्रकारों के सहयोग से आयोजित तिरंगा यात्रा में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से वातावरण देशभक्तिमय हो गया। यात्रा गांधी पार्क, सिविल लाइंस से शुरू होकर किताबगंज, चौक, रिकाबगंज चौराहा, उदया आईटीआई, साकेत डिग्री कॉलेज, टेढ़ी बाजार, श्रीराम मंदिर और हनुमान मंदिर चौराहा होते हुए लता चौक पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
तिरंगा यात्रा के मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कई स्थानों पर प्रतिभागियों के लिए नाश्ता और जलपान की व्यवस्था भी की गई। राम जन्मभूमि थाना के पुलिसकर्मियों ने भी यात्रा में शामिल पत्रकारों एवं नागरिकों को जलपान कराया।
पूरी यात्रा के दौरान सड़क किनारे लोगों की भीड़ जुटी रही। हाथों में तिरंगा लिए बच्चों, महिलाओं और युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। देशभक्ति गीतों और नारों के बीच यात्रा आगे बढ़ती रही।
लता चौक पहुंचने पर तिरंगा यात्रा का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान सभी ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा में लव कुमार पांडेय, धर्मेंद्र तिवारी, मो. हसन, सुनील कुमार दूबे,सर्वेश पांडेय, राम धीरज पाठक, उमाशंकर तिवारी, अमित, नीलम सिंह, नेहा हाशमी, रवि मौर्य, अर्चना समेत बड़ी संख्या में पत्रकार एवं नागरिक मौजूद रहे।

