कानून व्यवस्था को मजबूत करने व अपराधियों पर अंकुश लगाने हेतु पुलिस ने 4 घंटे ‘ए’ श्रेणी की नाकाबंदी, वाहन चेकिंग, 189 पर कार्रवाई,
1 min readजिले में 4 घंटे ‘ए’ श्रेणी की नाकाबंदी, 2,086 वाहन चैक, 189 पर कार्रवाई,
धौलपुर
कानून व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों व असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में रविवार सुबह 5 से 9 बजे तक जिलेभर में ‘ए’ श्रेणी की विशेष नाकाबंदी की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, एडीएफ मुख्यालय बाड़ी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रवण कुमार झोरड़ एवं वृताधिकारियों के सुपरविजन में पुलिस टीमों ने प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की गहन जांच की।
नाकाबंदी के दौरान 1,329 दुपहिया और 757 चौपहिया सहित कुल 2,086 वाहनों की जांच की गई। राजकॉप एप के माध्यम से दस्तावेज, वाहन पंजीकरण, स्वामित्व एवं सवार व्यक्तियों की पहचान का सत्यापन किया गया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 189 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इनमें 37 बिना हेलमेट, 35 बिना सीट बेल्ट, 1 मोबाइल पर बात करते हुए, 4 बिना नंबर, 23 काली फिल्म लगे वाहन तथा 89 अन्य मामलों में कार्रवाई शामिल है।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि नाकाबंदी का उद्देश्य यातायात नियमों की पालना के साथ अपराधियों, संदिग्ध व्यक्तियों और आपराधिक गतिविधियों में प्रयुक्त वाहनों पर निगरानी रखना है। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा के लिए इस तरह की आकस्मिक नाकाबंदी व सघन चैकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

