एक महीने में सरकारी विद्यालयों में तीन चोरियां, एक का भी खुलासा नहीं
1 min readगैस सिलेंडर से लेकर इंसेनेटर तक पर चोरों का हाथ साफ
लगातार वारदातों से स्कूलों की सुरक्षा पर सवाल, पुलिस की निष्क्रियता पर उठे गंभीर सवाल
बालपुर, गोण्डा। बालपुर क्षेत्र के सरकारी विद्यालय इन दिनों चोरों के निशाने पर हैं। बीते एक महीने के भीतर क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में चोरी की तीन अलग-अलग घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक एक भी मामले का खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही इन वारदातों ने विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय बालपुर द्वितीय की प्रधानाध्यापिका सुनीता मिश्रा ने बताया कि करीब दो सप्ताह पहले विद्यालय के शौचालय में लगा इंसेनेटर अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।
इसके कुछ ही दिनों बाद बालपुर प्रथम विद्यालय में लगा इंसेनेटर भी चोरों ने उड़ा दिया।
इसी क्रम में चेहल्लुम के अवकाश के बाद बुधवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय बालपुर द्वितीय में एक और चोरी सामने आई। प्रधानाध्यापिका वीना श्रीवास्तव के अनुसार विद्यालय खुलने पर रसोईघर का ताला टूटा मिला। अंदर रखे सामान की जांच करने पर गैस सिलेंडर गायब था। सिलेंडर चोरी होने से मध्यान्ह भोजन योजना प्रभावित हो गई। मजबूरी में रसोइया के घर से सिलेंडर मंगाकर बच्चों के लिए भोजन और दूध तैयार कराया गया। प्रधानाध्यापिका ने घटना की लिखित शिकायत पुलिस को देते हुए चोरी हुए गैस सिलेंडर सहित अन्य सामान की बरामदगी तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
लगातार तीन चोरियों के बावजूद किसी भी मामले का खुलासा न होना स्थानीय लोगों और शिक्षकों में चिंता का विषय बना हुआ है। सरकारी विद्यालयों में रखे संसाधनों की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार विभागों की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो चोरों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बालपुर चौकी इंचार्ज ने बताया कि उन्हें इस चोरी की घटना की कोई जानकारी ही नहीं है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब स्थानीय पुलिस को ही घटना की जानकारी नहीं है, तो चोरी की घटनाओं का खुलासा कैसे होगा




