रिश्ता कराने के बहाने घर में घुसे, परिवार को बंधक बनाकर डकैती; पुलिस ने चार आरोपी किए गिरफ्तार,
1 min readधौलपुर, राजस्थान न्यूज।
धौलपुर जिले की निहालगंज थाना पुलिस ने दुर्गा कॉलोनी में रिश्ता कराने के बहाने घर में घुसकर हथियारों के बल पर डकैती की सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, परिवादी की बैंक पासबुक, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा एक अवैध 12 बोर का देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों और लूटे गए जेवरात की तलाश जारी है।पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा (आरपीएस) तथा वृत्ताधिकारी कृष्णराज जांगिड (आरपीएस) के निकटतम सुपरविजन में थाना निहालगंज प्रभारी देवेन्द्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 29 जुलाई 2026 को सायरा खातून निवासी दुर्गा कॉलोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 28 जुलाई को एक महिला और पुरुष उसके बेटे का रिश्ता लेकर आने का बहाना बनाकर घर में घुसे। कुछ देर बाद चार अन्य लोग भी एक बच्चे के साथ घर में आ गए। आरोपियों ने कट्टे की नोक पर सायरा खातून और उनके बच्चों को टेप से बांध दिया तथा 1.50 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, तीन मोबाइल, बैंक पासबुक और अन्य दस्तावेज लूटकर फरार हो गए।जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बन्टी पुत्र अयूब खान निवासी फतेहाबाद (आगरा), तेजसिंह पुत्र फतेहसिंह निवासी बसई अरेला, बाह (आगरा), गुड्डू ठाकुर उर्फ निरोत्तम सिंह पुत्र रविन्द्र सिंह निवासी गढ़ी राठौड़, खंदौली (आगरा) तथा रंजीता पत्नी रामकिशन यादव मूल निवासी सिवान (बिहार), हाल निवासी टेड़ी बगिया, आगरा को गिरफ्तार किया। निहालगंज थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि
आरोपियों से 7 हजार रुपये, परिवादी की बैंक पासबुक, वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल तथा आरोपी गुड्डू ठाकुर की निशानदेही पर एक अवैध 12 बोर देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपियों और शेष लूटे गए सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
Byte, धौलपुर, पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान
।।धौलपुर राजस्थान से विजय शर्मा की रिपोर्ट।।

