August 7, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीआईजी अशोक कुमार ने सुनीं जनसमस्याएं, समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

1 min read
Spread the love


गोण्डा। तहसील सदर, जनपद गोण्डा में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र गोण्डा श्री अशोक कुमार ने जनसुनवाई कर शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान डीआईजी श्री अशोक कुमार ने कहा कि शासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित, प्रभावी और पारदर्शी समाधान करना है। इसके लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए और शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
डीआईजी ने विशेष रूप से राजस्व एवं भूमि विवादों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों के कारण अक्सर कानून-व्यवस्था की समस्याएं उत्पन्न होती हैं, इसलिए ऐसे मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच के आधार पर निस्तारण किया जाए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी शिकायत का निस्तारण केवल औपचारिकता पूरी करने के उद्देश्य से न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि एवं वास्तविक समस्या के समाधान को प्राथमिकता दी जाए। जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को शिकायतों की गुणवत्ता आधारित समीक्षा करने तथा प्रत्येक प्रकरण में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *