अज्ञात बुजुर्ग का मिला शव, क्षेत्र में फैली सनसनी , डूबने से मौत की आशंका
1 min readछितरीया ताल में मिला अज्ञात बुजुर्ग का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी 2-3 दिन पुराना होने की आशंका, पुलिस जुटी शिनाख्त में; डूबने से मौत की संभावना,
धौलपुर,
धौलपुर शहर के छितरीया ताल में मंगलवार सुबह एक अज्ञात बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। तालाब के किनारे शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को तालाब से बाहर निकलवाया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में बुजुर्ग की मौत पानी में डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है। शव की स्थिति को देखते हुए अनुमान लगाया गया है कि वह करीब दो से तीन दिन पुराना है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में सुरक्षित रखवा दिया है। साथ ही जिले के आसपास के थाना क्षेत्रों को भी अज्ञात शव के संबंध में सूचना भेजी गई है, ताकि उसकी शिनाख्त कराई जा सके।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी का कोई परिजन पिछले कुछ दिनों से लापता है, तो वे जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी या कोतवाली थाना पुलिस से संपर्क कर शव की पहचान करें।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और मृतक की पहचान के साथ मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

