पैंथर की दस्तक से दहशत, गाय का किया शिकार; ग्रामीणों ने खदेड़ा, वन विभाग अलर्ट,
1 min readलोंगपुर पहाड़ में पैंथर की दस्तक से दहशत, गाय का किया शिकार; ग्रामीणों ने खदेड़ा, वन विभाग अलर्ट,
धौलपुर,
धौलपुर जिले के लोंगपुर पहाड़ क्षेत्र में पैंथर की बढ़ती गतिविधियों ने एक बार फिर ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार को पैंथर ने जंगल से सटे इलाके में चर रही एक गाय पर अचानक हमला कर उसे मार डाला। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आसपास भैंस चरा रहे लोगों ने साहस दिखाते हुए लाठियों और पत्थरों की मदद से शोर मचाया, जिसके बाद पैंथर जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि उस समय आसपास कई लोग और मवेशी मौजूद थे।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान टीम को पैंथर के पगमार्क भी मिले, जिससे उसके क्षेत्र में सक्रिय होने की पुष्टि हुई। वन विभाग ने आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाते हुए ग्रामीणों से जंगल के समीप अकेले नहीं जाने तथा मवेशियों को समूह में चराने की सलाह दी है।
लगातार बढ़ रहे पैंथर के मूवमेंट को देखते हुए ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त, निगरानी बढ़ाने और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

