ट्रक से सर्फ एक्सल चोरी का खुलासा, 67 पैकेट बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार,
1 min readधौलपुर,
धौलपुर पुलिस ने ट्रक से सर्फ एक्सल और अन्य सामान चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए सर्फ एक्सल पाउडर के 67 पैकेट बरामद किए हैं। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और नगर वृत्ताधिकारी कृष्णराज जांगिड के सुपरविजन में थाना निहालगंज प्रभारी देवेन्द्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को ट्रक चालक अभिमन्यु सिंह निवासी फतेहसिंह का पुरा (दिहौली) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11-12 जुलाई की रात वह अपना 14 चक्का ट्रक राजाखेड़ा बाईपास पुल के पास खड़ा कर सो गया था। इसी दौरान अज्ञात बदमाश ट्रक का लॉक तोड़कर 18 कट्टे सर्फ एक्सल और चार कार्टन फेस वॉश चोरी कर ले गए। इस संबंध में थाना निहालगंज में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की मदद से मामले का खुलासा करते हुए राजू (38) निवासी शिवाजी नगर, ओंडेला रोड, धौलपुर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए एक-एक किलो के 67 पैकेट सर्फ एक्सल बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी गए शेष माल की बरामदगी तथा वारदात में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी देवेन्द्र कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक मुकेश कुमार तथा कांस्टेबल सौरभ, धर्मेन्द्र और रविन्द्र की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


