भरतपुर रेंज में ‘ए’ श्रेणी की सघन नाकाबंदी, बाड़ी में हेलमेट नहीं पहनने पर 20 चालान,
1 min readबाड़ी
भरतपुर रेंज की पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती प्रीति चंद्रा के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ‘ए’ श्रेणी की विशेष सघन नाकाबंदी अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना रहा। इस दौरान अंतरजिला एवं अंतरराज्यीय सीमाओं सहित प्रमुख मार्गों पर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की गई।
निर्देशानुसार प्रत्येक थाने में दो प्रमुख नाकाबंदी स्थल निर्धारित किए गए, जहां थानाधिकारी स्वयं मौजूद रहकर अभियान का संचालन करते रहे। पुलिस अधीक्षकों ने अभियान की लगातार निगरानी की, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं वृत्ताधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में नाकाबंदी स्थलों का निरीक्षण करते रहे। जांच के दौरान वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन दस्तावेज एवं यात्रियों की पहचान का सत्यापन किया गया। साथ ही चोरी के वाहनों, वांछित अपराधियों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में बाड़ी थाना पुलिस ने टाउन चौकी के सामने तथा बसेड़ी तिराहे पर सघन नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए हेलमेट नहीं पहनने पर 20 चालान किए गए। पुलिस ने बिना नंबर प्लेट, अस्पष्ट नंबर प्लेट एवं संदिग्ध वाहनों की भी विशेष जांच की।
थाना प्रभारी महेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि हेलमेट पहनने की 100 प्रतिशत पालना सुनिश्चित कराने के लिए चालानी कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान भी लगातार चलाया जा रहा है। वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनकर वाहन चलाने तथा यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनने की अपील की गई। पुलिस का कहना है कि इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी लाई जा सके। विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

