दलित चौपाल से लोजपा ने फूंका चुनावी बिगुल, मिल्कीपुर में संगठन मजबूत करने पर जोर
1 min readबारुन अयोध्या
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। रविवार को रायबरेली-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित खिहारन के प्रिया रिसॉर्ट में आयोजित दलित चौपाल एवं सहभोज कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी ने चुनावी अभियान का आगाज किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और गांव-गांव जनसंपर्क बढ़ाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोक जनशक्ति पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं जमुई सांसद अरुण भारती ने कहा कि पार्टी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटी है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव से लेकर विधानसभा चुनाव तक बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाया जाएगा, ताकि प्रत्येक गांव और वार्ड में पार्टी की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित हो सके।
मीडिया से बातचीत में अरुण भारती ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि क्षेत्र के सांसद जनता के मुद्दों को संसद में प्रभावी ढंग से उठाने के बजाय केवल दिखावटी राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि लोक जनशक्ति पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है।
प्रदेश प्रधान महासचिव (प्रबुद्ध प्रकोष्ठ) जितेंद्र सिंह ‘गुंजन’ ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर संपर्क अभियान चला रहे हैं। बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा रहा है।
कार्यक्रम का आयोजन मिल्कीपुर विधानसभा प्रभारी पति राज भारती के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेंद्र कुमार मुन्ना, प्रदेश अध्यक्ष अरविंद पासवान, प्रदेश उपाध्यक्ष अश्वनी श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष सर्वजीत कोरी, जिला उपाध्यक्ष जगदीश वर्मा, महानगर अध्यक्ष सुनील पांडे सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।

