खाकी पर दाग, घर में पकड़ा गया हेड कांस्टेबल, पीड़ित को मिली ‘एनकाउंटर’ की धमकी
1 min readकरनैलगंज में खाकी पर दाग: घर में पकड़ा गया हेड कांस्टेबल, पीड़ित को मिली ‘एनकाउंटर’ की धमकी
मण्डलायुक्त से शिकायत, एफआईआर दर्ज कराने की मांग।
पीड़ित ने कहा- दो नाबालिग बच्चों के साथ जान को खतरा
गोण्डा। कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी पर महिला से अवैध संबंध और घर में घुसकर बदसलूकी का गंभीर आरोप लगा है। मामले में पीड़ित पक्ष ने देवीपाटन मण्डलायुक्त को प्रार्थना पत्र देकर उच्चस्तरीय जांच और एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी शादी 2014 में हुई थी। आरोप है कि उसकी पत्नी के संबंध थाना करनैलगंज में तैनात 100 नम्बर (112) पर तैनात एक हेड कांस्टेबल कुलदीप से हो गए। हेड कांस्टेबल आए दिन फोन पर बात करता था और पति की गैरमौजूदगी में घर भी आता था। पीड़ित ने बताया कि 07 जुलाई 2026 की रात करीब 9 बजे उक्त हेड कांस्टेबल कुलदीप सादे कपड़ों में उसके घर पहुंचा। घर में अंजान व्यक्ति को देखकर पीड़ित ने शोर मचाया। मौके पर गांव के लोग इकट्ठा हो गए और आरोपी को घर के अंदर ही पकड़ लिया। घटना का वीडियो भी बनाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम आरोपी को अपने साथ ले गई।
बड़ा आरोप: पुलिस टीम ने इन्काउंटर की दी धमकी
पीड़ित का सबसे गंभीर आरोप है कि पुलिस टीम ने उसे ही धमकी दी। आरोप है कि पुलिस वालों ने कहा – “अगर कहीं शिकायत की तो एनकाउंटर करवा देंगे”। पीड़ित ने बताया कि उसके दो नाबालिग बच्चे हैं और वह इस धमकी के बाद काफी डरा हुआ है।
पीड़ित ने मण्डलायुक्त से मांग की है कि मामले में निष्पक्ष जांच कराकर आरोपी पुलिसकर्मी और उसकी पत्नी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाए।
मामले में सीओ कर्नलगंज से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई आधिकारिक बयान नहीं मिल सका।
महादेव मौर्या

