July 28, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

जिला अस्पताल में एक्स-रे मशीन व ऐसी खराब, लैब में स्टाफ की कमी से मरीज़ परेशान

1 min read
Spread the love

जिला अस्पताल बदहाल एक्स-रे मशीन व एसी एक माह से खराब, लैब में स्टाफ की कमी से मरीज़ परेशान
बाड़ी,
उपखंड का जिला अस्पताल इन दिनों गंभीर अव्यवस्थाओं से जूझ रहा है। अस्पताल में एक ओर चिकित्सकों की कमी बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर एक्स-रे मशीन, एसी और पैथोलॉजी लैब की व्यवस्थाएं भी चरमराने लगी हैं। हालात ऐसे हैं कि मरीजों को समय पर जांच तक नहीं मिल पा रही, जिससे उन्हें घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है।
अस्पताल के एक्स-रे कक्ष में लगी बड़ी डिजिटल एक्स-रे मशीन पिछले एक महीने से खराब पड़ी है। मशीन का रखरखाव करने वाली कंपनी को शिकायत भेजी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। मजबूरी में स्टाफ छोटी मशीन से एक्स-रे कर रहा है, जिससे सीमित जांच ही संभव हो पा रही है। वहीं एक्स-रे रूम का एसी भी लंबे समय से खराब पड़ा है, जिससे उमस भरी गर्मी में मरीजों और कर्मचारियों दोनों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
दूसरी ओर पैथोलॉजी जांच व्यवस्था निजी कंपनी को सौंपे जाने के बाद भी व्यवस्थाएं सुचारु नहीं हो सकी हैं। अस्पताल की हब लैब में ब्लड, यूरिन और स्टूल से संबंधित करीब 105 प्रकार की जांचों की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन कलेक्शन सेंटर पर स्टाफ की भारी कमी बनी हुई है। रजिस्ट्रेशन और सैंपल कलेक्शन का कार्य एक ही कक्ष में हो रहा है, जहां केवल दो कर्मचारी तैनात हैं। मरीजों के अनुसार रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में बारकोड सहित कई औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ती हैं, जिससे लंबी कतारें लग जाती हैं।
जांच कराने आई महिला ममता ने बताया कि वह एक घंटे से लाइन में खड़ी हैं, लेकिन अभी तक उनका नंबर नहीं आया। चिकित्सक ने उन्हें सीबीसी जांच कराने के लिए लिखा है। वहीं मरीज रामसिंह, बंटी, रामचरण और अखिलेश सहित अन्य लोगों का कहना है कि सुबह 9 से 12 बजे तक सैंपल लिए जाते हैं और इस दौरान प्रतिदिन 200 से अधिक मरीज पहुंचते हैं। स्टाफ की कमी के कारण कई बार मरीजों को बिना जांच कराए ही वापस लौटना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला अस्पताल का दर्जा मिलने के बावजूद व्यवस्थाएं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से भी बदतर नजर आ रही हैं। मरीजों ने अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से जल्द खराब मशीनों की मरम्मत, पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति और जांच व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की है।

विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *