July 28, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

गांव की समस्या को लेकर पीड़ित ने किया शिकायत, फर्जी आख्या लगाकर अधिकारी कर रहे गुमराह

1 min read
Spread the love

चार बार मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत, फिर भी नहीं टूटी चुप्पी! अलग-अलग आख्या लगाकर निस्तारण, पीथीपुर के ग्रामीण आज भी जलभराव से बेहाल
प्रतापगढ़।

कुंडा तहसील के बिहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पीथीपुर में जल निकासी की गंभीर समस्या लंबे समय से ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। आरोप है कि सड़क के नीचे लगी जल निकासी पाइप पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण कई महीनों से सड़क पर गंदा पानी जमा रहता है। इससे मार्ग कीचड़ में तब्दील हो गया है और स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों सहित राहगीरों को रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं, जबकि जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।
गांव निवासी एवं शिकायतकर्ता नितिन द्विवेदी का आरोप है कि उन्होंने पहले ग्राम प्रधान और स्थानीय अधिकारियों से कई बार समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर चार बार शिकायत दर्ज कराई। उपलब्ध शिकायत संख्या 40017325037205, 40017325014674 और 92617300024214 सहित अन्य शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि प्रत्येक बार अलग-अलग आख्या लगाकर शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया, जबकि मौके पर आज भी टूटी पाइप, जलभराव और गंदगी की स्थिति जस की तस बनी हुई है। इससे ग्रामीणों में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है। उनका कहना है कि यदि वास्तविक स्थिति का निष्पक्ष निरीक्षण कराया जाए तो सच्चाई स्वतः सामने आ जाएगी।
ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, मौके का सत्यापन कराया जाए और यदि बिना समाधान के शिकायतों का निस्तारण किया गया है तो जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाए, ताकि पीथीपुर के लोगों को वर्षों पुरानी इस समस्या से स्थायी राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *