चंबल में वन्यजीव संरक्षण को लेकर बड़ी बैठक, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की पालना की समीक्षा,
1 min readधौलपुर, राजस्थान।
चंबल में वन्यजीव संरक्षण को लेकर बड़ी बैठक, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की पालना की समीक्षा,
धौलपुर,
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले स्थित ईको सेंटर देवरी में मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में धौलपुर जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी एवं पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान सहित वन, खनिज और परिवहन विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में कमेटी सदस्य सुनील लिमये की मौजूदगी में सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत प्रकरण तथा संबंधित न्यायालयीन निर्देशों की पालना को लेकर विभिन्न विभागों की ओर से की गई कार्रवाई और उसकी प्रगति की समीक्षा की गई।बैठक में चंबल नदी क्षेत्र की पर्यावरणीय एवं पारिस्थितिकीय महत्ता को ध्यान में रखते हुए वन्यजीव संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा हुई। चंबल नदी घड़ियाल सहित कई जलीय वन्यजीवों का महत्वपूर्ण प्राकृतिक आवास है। ऐसे में नदी क्षेत्र की जैव विविधता को सुरक्षित रखने और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाना महत्वपूर्ण है।
बैठक के दौरान वन, खनिज एवं परिवहन विभाग से जुड़े विषयों पर जानकारी लेते हुए न्यायालयीन निर्देशों के प्रभावी अनुपालन और निर्धारित कार्रवाई की प्रगति पर विचार-विमर्श किया गया। जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी और पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ प्रशासनिक एवं पुलिस स्तर पर आवश्यक सहयोग और आपसी समन्वय के विषय में सहभागिता की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वय मजबूत कर न्यायालय के निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करना तथा चंबल क्षेत्र के पर्यावरण, प्राकृतिक संपदा और वन्यजीवों के संरक्षण से जुड़े प्रयासों को गति देना रहा। जिला प्रशासन एवं धौलपुर पुलिस की ओर से संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पर्यावरण संरक्षण और कानून के प्रभावी अनुपालन के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने पर जोर दिया गया।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

