पुलिस प्रशासन रात में सड़कों पर उतरी अतिक्रमणकारियों को चेतावनी, अपराधियों को सख्त संदेश,
1 min readएक्शन मोड में धौलपुर कोतवाल रामकिशन यादव, रात में सड़कों पर उतरे; अतिक्रमणकारियों को चेतावनी, अपराधियों को सख्त संदेश,
धौलपुर, राजस्थान
शहर की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से धौलपुर कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव रविवार रात एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के साथ शहर के प्रमुख बाजारों, व्यस्त मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। गश्त के दौरान व्यापारियों और आमजन से सीधे संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा पुलिस को सहयोग करने की अपील की।
रात्रिकालीन गश्त के दौरान थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने सड़क पर अवैध रूप से लगी रेहड़ियों और अतिक्रमण करने वालों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, क्योंकि इससे यातायात बाधित होता है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
गश्त के दौरान कोतवाल ने व्यापारियों से बातचीत करते हुए कहा कि शहर में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराधी से जुड़ी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
रामकिशन यादव ने कहा कि नियमित पैदल गश्त से पुलिस की आमजन तक सीधी पहुंच बढ़ती है, जिससे लोगों का विश्वास मजबूत होता है और असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बनता है। उन्होंने दो टूक कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले, अपराधी तत्व और सार्वजनिक व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रात्रिकालीन गश्त में टाउन चौकी प्रभारी लोकेंद्र सिंह सहित कोतवाली थाने के अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। पुलिस दल पुराना शहर, कोटला मोहल्ला और पटपरा रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में पैदल भ्रमण करता हुआ लोगों से रूबरू हुआ। व्यापारियों ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे सुरक्षा की दृष्टि से सकारात्मक कदम बताया।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

