मोहम्मद फहीम के प्रयास से बदली शेखपुर जाफर की तस्वीर, दो साल बाद मिला सफाईकर्मी
1 min readसोहावल, अयोध्या।
ग्राम पंचायत शेखपुर जाफर में पिछले दो वर्षों से सफाईकर्मी न होने के कारण गांव की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी। जाम नालियां, जलभराव और गंदगी से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। समाजसेवी मोहम्मद फहीम के लगातार प्रयासों के बाद अब गांव में सफाईकर्मी की नियुक्ति कर दी गई है, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।समाजसेवी मोहम्मद फहीम ने इस समस्या को उत्तर प्रदेश पंचायती राज विभाग के निदेशक के समक्ष ऑनलाइन शिकायत के माध्यम से उठाया था। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए निदेशक के निर्देश पर जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) ने ग्राम पंचायत शेखपुर जाफर में अजय वाल्मीकि को सफाईकर्मी के रूप में नियुक्त कर तत्काल साफ-सफाई शुरू कराने के निर्देश दिए।ग्रामीणों का कहना है कि करीब दो वर्षों से गांव में नियमित सफाई न होने के कारण नालियां जाम थीं और जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा रहता था। सफाईकर्मी की तैनाती के बाद गांव में सफाई अभियान शुरू हो गया है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है।मोहम्मद फहीम इससे पहले भी गांव की कई समस्याओं को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठा चुके हैं। खुले में बिना सुरक्षा घेरे लगे ट्रांसफॉर्मर की समस्या को विद्युत विभाग तक पहुंचाने पर ट्रांसफॉर्मर के चारों ओर सुरक्षा घेरा लगाया गया। वहीं जलभराव की समस्या के समाधान की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।इसके अलावा रौनाही ढेवडी संपर्क मार्ग से प्राथमिक विद्यालय होते हुए सीएचसी सोहावल तक जाने वाली जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर भी उन्होंने जनप्रतिनिधियों के माध्यम से मामला उठाया। इसके बाद सड़क को मंडी परिषद से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को हस्तांतरित कर वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल किया गया है।ग्रामीणों ने गांव की समस्याओं के समाधान के लिए शासन-प्रशासन के साथ समाजसेवी मोहम्मद फहीम के प्रयासों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी गांव के विकास कार्य इसी तरह आगे बढ़ते रहेंगे।

