प्रतिबंधित चम्बल बजरी के अवैध खनन एवं परिवहन पर धौलपुर पुलिस की कड़ी निगरानी, संयुक्त अभियान लगातार जारी
1 min readधौलपुर राजस्थान।
पुलिस, वन एवं खनिज विभाग की संयुक्त कार्रवाई से अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिलेभर में विशेष अभियान संचालित
जिले में प्रतिबंधित चम्बल बजरी के अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के उद्देश्य से जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी एवं पुलिस अधीक्षक धौलपुर विकास सांगवान के निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा वन विभाग एवं खनिज विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक स्तर पर विशेष अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत सरमथुरा से लेकर राजाखेड़ा तक चम्बल नदी से जुड़े संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों एवं संभावित परिवहन रूटों पर चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशानुसार जिले के सभी संबंधित थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए अवैध खनन एवं परिवहन की प्रत्येक गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है। संयुक्त टीमों द्वारा चम्बल नदी के विभिन्न घाटों, संपर्क मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को प्रारम्भिक स्तर पर ही रोका जा सके।
दिन-रात संयुक्त पैट्रोलिंग, हर गतिविधि पर पैनी नजर
जिला पुलिस, वन विभाग एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीमें दिन एवं रात्रि दोनों समय लगातार पैट्रोलिंग कर रही हैं। चम्बल नदी के किनारे स्थित घाटों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है तथा अवैध खनन अथवा परिवहन की सूचना प्राप्त होते ही संबंधित टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है।
अभियान के दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। अवैध खनन एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहनों की पहचान कर उन्हें जब्त करने एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
चैक पोस्टों पर चौबीसों घंटे सघन निगरानी
अवैध बजरी परिवहन की रोकथाम के लिए जिले के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर अस्थायी चैक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन चैक पोस्टों पर पुलिस बल की चौबीसों घंटे तैनाती सुनिश्चित की गई है तथा गुजरने वाले प्रत्येक संदिग्ध वाहन की सघन जांच की जा रही है। विशेष रूप से उन मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है जहां से अवैध बजरी परिवहन की संभावना रहती है।
संयुक्त अभियान के अंतर्गत पुलिस, वन एवं खनिज विभाग के अधिकारियों के बीच निरंतर समन्वय स्थापित कर सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है, जिससे अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। साथ ही स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को भी सक्रिय किया गया है, जिससे किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होने पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अपनाई जाएगी जीरो टॉलरेंस नीति
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में प्रतिबंधित चम्बल बजरी के अवैध खनन एवं परिवहन को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा अवैध कार्यों में प्रयुक्त वाहनों को जब्त कर संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
धौलपुर पुलिस आमजन से भी अपील करती है कि यदि कहीं भी प्रतिबंधित चम्बल बजरी के अवैध खनन अथवा परिवहन की जानकारी मिले तो तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा संबंधित विभाग को सूचित करें। आमजन के सहयोग से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
धौलपुर पुलिस द्वारा प्रतिबंधित चम्बल बजरी के अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर, प्रभावी एवं सख्ती के साथ जारी रहेगा। विजय कुमार शर्मा ब्यूरो रिपोर्ट

