July 14, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

15 जुलाई से ग्राम पंचायतों में आयोजित होंगे ग्रामीण सेवा शिविर

1 min read
Spread the love


धौलपुर

राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले के सभी उपखण्ड क्षेत्रों में ग्राम पंचायत के अनुसार 15 जुलाई 2026 तक ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किये जायेंगे। शिविर में विभागीय अधिकारियों द्वारा ग्रामीण जनों की समस्याओं का मौके पर समाधान एवं उनके कार्य सम्पादित किये जायेंगे।
जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने बताया कि 15 जुलाई को उपखण्ड धौलपुर की ग्राम पंचायत कोटपुरा के अटल सेवा केन्द्र में, उपखण्ड बाड़ी की ग्राम पंचायत सहेड़ी के अटल सेवा केन्द्र में, उपखण्ड बसेड़ी की ग्राम पंचायत बोरैली के अटल सेवा केन्द्र में, उपखण्ड राजाखेड़ा की ग्राम पंचायत नागर के अटल सेवा केन्द्र में तथा उपखण्ड सैपऊ की ग्राम पंचायत मालौनी खुर्द के अटल सेवा केन्द्र में शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
सफलता की कहानी
ग्रामीण सेवा शिविर बना वर्षों पुराने विवाद का समाधान, किसानों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत सिंघावली कला स्थित राजीव गांधी सेवा केन्द्र पर आयोजित ग्राम सेवा शिविर ने वर्षों से लंबित राजस्व संबंधी मामलों का मौके पर ही समाधान कर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
शिविर में ग्राम सिंघावली खुर्द एवं महदवार नंबर 1 के निवासी सहाबसिंह, अतरसिंह पुत्रगण ग्याप्रसाद राजपूत, अखलेश शर्मा, तुलसीराम शर्मा, वाल्मीकि शर्मा पुत्रगण रामगोपाल तथा पवन कुमार पुत्र रामप्रकाश ब्राह्मण ने वर्षों पुराने पारिवारिक भूमि विवाद के आपसी सहमति से विभाजन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। साथ ही ग्राम गढ़ी जोनावाद निवासी दारासिंह पुत्र होतमसिंह ने अपने नाम की शुद्धि के लिए आवेदन दिया।
शिविर प्रभारी एवं उपखंड अधिकारी राजाखेड़ा सुशीला मीना ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए दोनों प्रकरणों को तत्काल संज्ञान में लिया तथा तहसीलदार राजाखेड़ा दीप्ति देव को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। तहसीलदार ने मौके पर ही भू-अभिलेख निरीक्षक एवं को बंटवारा प्रस्ताव एवं नाम शुद्धि की कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए।
राजस्व टीम ने बिना किसी विलंब के 23 बीघा भूमि का बंटवारा प्रस्ताव तैयार कर उसे स्वीकृत कराया, साथ ही धारासिंह के स्थान पर दारासिंह नाम की शुद्धि भी मौके पर ही पूरी कर दी। वर्षों से लंबित दोनों प्रकरणों का एक ही दिन में, एक ही स्थान पर समाधान होने से संबंधित किसानों और उनके परिवारों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
किसानों ने भावुक होकर कहा कि जिस समस्या के समाधान के लिए वे वर्षों तक कार्यालयों के चक्कर लगाते रहे, वह आज ग्राम सेवा शिविर में कुछ ही समय में पूरी हो गई। इससे न केवल समय और धन की बचत हुई, बल्कि शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास भी और अधिक मजबूत हुआ।
यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि प्रशासन संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तत्परता के साथ कार्य करे तो आमजन की समस्याओं का समाधान उनके गाँव में ही संभव है। ग्राम सेवा शिविर वास्तव में सरकार आपके द्वार की भावना को साकार कर रहे हैं।
संबंधित सभी किसानों एवं उपस्थित ग्रामीणों ने इस जनहितकारी पहल के लिए माननीय मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार श्री भजनलाल शर्मा का हार्दिक आभार व्यक्त किया तथा उपखंड अधिकारी, तहसीलदार एवं संपूर्ण राजस्व टीम का धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी तत्परता और सकारात्मक कार्यशैली ने वर्षों पुराने विवाद को एक ही दिन में समाप्त कर दिया। यह शिविर ग्रामीणों के लिए केवल एक प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विश्वास, राहत और न्याय का उत्सव बन गया।

विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *