July 14, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

बीएमएस प्रतिनिधिमंडल ने उठाए आंगनबाड़ी कर्मचारियों के मुद्दे, निदेशक ने दिया समाधान का भरोसा।।

1 min read
Spread the love

धौलपुर राजस्थान

आंगनबाड़ी कर्मचारी महासंघ (भारतीय मजदूर संघ) के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को बीएमएस राजस्थान के प्रदेश महामंत्री मुकेश सोलंकी के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशक वासुदेव मालावत से मुलाकात कर आंगनबाड़ी कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।बैठक में निदेशक वासुदेव मालावत ने बताया कि मानदेय भुगतान में आ रही तकनीकी समस्या का समाधान कर दिया गया है तथा शीघ्र ही सभी जिलों में भुगतान जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी एक-दो माह में राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार के मानदेय का भुगतान पूर्व की भांति एक साथ कराने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रेच्युटी के संबंध में उन्होंने जानकारी दी कि वित्त विभाग द्वारा लगाए गए आक्षेपों की पूर्ति कर प्रस्ताव पुनः भेज दिया गया है और जल्द ही आदेश जारी होने की संभावना है। बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से गैर-आईसीडीएस कार्य नहीं लेने, सेवानिवृत्ति पर देय बीमा राशि के भुगतान को सरल बनाने, सेनेटरी नेपकिन फेस कैप्चरिंग प्रक्रिया को आसान करने तथा पूर्व की भांति 5 एवं 10 वर्ष के इंक्रीमेंट लागू करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। निदेशक ने बताया कि इन विषयों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए मुख्यालय स्तर से संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए जाएंगे। प्रतिनिधिमंडल ने निदेशक को बताया कि राजस्थान आंगनबाड़ी कर्मचारी महासंघ (बीएमएस) का कार्य बहिष्कार, केंद्र बंद या हड़ताल से कोई संबंध नहीं है तथा संगठन से जुड़े कार्यकर्ता नियमित रूप से केंद्र संचालित करते हुए ऑनलाइन कार्य कर रहे हैं। इस पर निदेशक ने संतोष व्यक्त किया।प्रतिनिधिमंडल में बीएमएस राजस्थान के प्रदेश महामंत्री मुकेश सोलंकी, प्रदेश प्रभारी भोला नाथ आचार्य, सह प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह गुर्जर, प्रदेशाध्यक्ष कमला डामोर, प्रदेश महामंत्री पूजा चौधरी, प्रदेश मंत्री उर्मिला मोड़ोतिया, प्रदेश उपाध्यक्ष गगन शर्मा, शीला एवं बंती (सवाई माधोपुर) सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि 19 जून 2026 से अब तक राजस्थान आंगनबाड़ी कर्मचारी महासंघ (बीएमएस) और महिला एवं बाल विकास विभाग के बीच यह तीसरी बैठक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *