नाले की सफाई न होने से जलभराव का खतरा, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार
1 min readबांदा
मामला तहसील बांदा के ग्राम मवई बुजुर्ग के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर आबादी और तालाब के उत्तर स्थित पुराने नाले की तत्काल सफाई कराने तथा तालाब के पानी की निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से नाले की सफाई नहीं होने के कारण वह पूरी तरह पट चुका है। ऐसे में तालाब और बरसात का पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है, जिससे आबादी और रास्तों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि आगामी बारिश में गांव के घरों और सड़कों पर गंदा पानी भरने से लोगों को भारी परेशानी, असुविधा और नुकसान उठाना पड़ सकता है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि नाले की सफाई जेसीबी मशीन से ही संभव है।
ग्रामीणों के अनुसार, पहले सचिव द्वारा जेसीबी मंगाई गई थी, लेकिन कुछ लोगों द्वारा मशीन को नाले तक नहीं जाने दिया गया, जिससे सफाई कार्य अधूरा रह गया।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान और सचिव से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि नाले की शीघ्र सफाई कराकर तालाब के पानी की निकासी सुनिश्चित कराई जाए, ताकि बरसात के मौसम में गांव को जलभराव की समस्या से बचाया जा सके।इस मौके पर शिव मोहन यादव,पचुवा प्रजापति सहित अन्य लोग रहे।

