पुलिस में बड़ा प्रशासनिक ऑपरेशन, 123 पुलिसकर्मियों के तबादले, अब एसएचओ सूची का इंतजार,
1 min readधौलपुर राजस्थान।
धौलपुर पुलिस में बड़ा प्रशासनिक ऑपरेशन: 123 पुलिसकर्मियों के तबादले, अब एसएचओ सूची का इंतजार,

एसपी विकास सांगवान का बड़ा फैसला, चौकी प्रभारियों में व्यापक फेरबदल;
अवैध खनन पर नकेल कसने के लिए सागरपाड़ा चौकी को मिली विशेष मजबूती,
धौलपुर, न्यूज।
धौलपुर पुलिस में शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने 123 पुलिसकर्मियों के तबादला आदेश जारी किए। इस सूची में 45 सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) तथा 78 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल शामिल हैं। लंबे समय बाद हुए इस व्यापक बदलाव को जिले की कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और पुलिसिंग में नई ऊर्जा लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
तबादला सूची में कई महत्वपूर्ण पुलिस चौकियों के प्रभारियों को भी बदला गया है। इसके साथ ही पुलिस महकमे में अब थाना प्रभारियों (एसएचओ) की संभावित तबादला सूची को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
चौकी प्रभारियों को मिली नई जिम्मेदारी,
एसपी के आदेशानुसार योगेश तिवारी को जाटोली चौकी प्रभारी बनाया गया है। हाल ही में स्थानांतरित हुए मुकेश शर्मा ने रेल चौकी का कार्यभार संभाल लिया है। वीरेंद्र शर्मा को बाड़ी से कोतवाली भेजा गया है, जबकि मोहनलाल मीणा को अस्पताल चौकी का प्रभारी नियुक्त किया गया है।इसके अलावा राकेश को राजाखेड़ा टाउन चौकी, मनोज को सागरपाड़ा चौकी, प्रेम सिंह को लेबुड़ा पूरा चौकी तथा सत्य प्रकाश को ओंडेला चौकी का प्रभारी बनाया गया है।
अवैध खनन पर सख्ती का संकेत,
तबादला सूची की सबसे अहम बात सागरपाड़ा चौकी को लेकर सामने आई है। अवैध खनन प्रभावित इस क्षेत्र में पहली बार दो-दो हेड कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। अतिरिक्त हेड कांस्टेबल सुभाष भास्कर की नियुक्ति के बाद चौकी की निगरानी क्षमता बढ़ेगी। पुलिस विभाग के जानकार इसे अवैध खनन के खिलाफ बड़े अभियान की तैयारी के रूप में देख रहे हैं।
महिला एएसआई को नई जिम्मेदारी,
पदोन्नति के बाद महिला एएसआई रेखा को कोतवाली थाने में नियुक्त किया गया है। इस सूची में किसी अन्य महिला पुलिसकर्मी का तबादला नहीं किया गया है।
अब निगाहें एसएचओ तबादला सूची पर,
पुलिस विभाग के सूत्रों का कहना है कि यह फेरबदल अभी पहला चरण माना जा रहा है। आने वाले दिनों में थाना प्रभारियों (एसएचओ) की तबादला सूची भी जारी हो सकती है। ऐसे में जिले के कई थानों में नेतृत्व परिवर्तन की संभावना को लेकर पुलिस महकमे और आमजन की नजरें अगली सूची पर टिकी हुई हैं।
यह व्यापक प्रशासनिक बदलाव स्पष्ट संकेत देता है कि धौलपुर पुलिस आने वाले समय में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर और अधिक सख्ती के साथ काम करने की तैयारी में है।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो
