फायरिंग कांड 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश बीहड़ों से दबोचे, तीसरे की तलाश जारी,
1 min read72 घंटे में खुला राजाखेड़ा फायरिंग कांड: 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश बीहड़ों से दबोचे, तीसरे की तलाश जारी,
धौलपुर, राजस्थान
राजाखेड़ा कस्बे में 6 जुलाई को तीन अलग-अलग स्थानों पर दिनदहाड़े फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो 25-25 हजार रुपये के इनामी बदमाशों को धौलपुर पुलिस ने महज 72 घंटे में दबोच लिया। डीएसटी की सूचना पर राजाखेड़ा पुलिस, स्पेशल टीम और साइबर सेल ने बसई घीयाराम के आगे अंधियारी के बीहड़ों में संयुक्त कार्रवाई कर आरोपी अभिषेक और सचिन को डिटेन किया।
पुलिस के अनुसार घेराबंदी के दौरान दोनों आरोपी बचने के लिए करीब 15-20 फीट ऊंचे मिट्टी के टीले से कूद गए, जिससे उनके पैरों में गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा में भर्ती कराया गया है।
आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त सफेद अपाचे मोटरसाइकिल, एक अवैध .315 बोर देशी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर दोनों की पहचान कर कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा व सीओ मनोहर मीणा के सुपरविजन में राजाखेड़ा थाना, डीएसटी, स्पेशल टीम और साइबर सेल ने यह कार्रवाई की। डीएसटी के कांस्टेबल भागीरथ और देवेंद्र सिंह ने साहस का परिचय देते हुए भाग रहे आरोपियों को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई।
प्रारंभिक पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। मामले में फरार तीसरे आरोपी लुक्का उर्फ मन्नू उर्फ प्रद्युम्न की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है तथा फायरिंग के पीछे की वजह और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

