छात्राओं की सुरक्षा की होगी समीक्षा, महिला आयोग का बड़ा निर्देश,
1 min read लखनऊ
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान ने छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों, पुलिस आयुक्तों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) और पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
आयोग ने सभी स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की तत्काल जांच कराने, उनकी कार्यशीलता का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने तथा संस्थानों एवं आसपास के प्रमुख मार्गों पर पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही प्रत्येक जिले में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त कर नियमित रिपोर्ट आयोग को भेजने को कहा गया है।
यह कार्रवाई आगरा संस्करण में सोशल मीडिया पर प्रसारित खबर के संज्ञान में आने के बाद की गई है।
आयोग का कहना है कि छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन और पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महिला आयोग ने निर्देश दिया है कि सभी संबंधित अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि शैक्षणिक संस्थानों में छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो।

