July 9, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें :-डीएम

1 min read
Spread the love


धौलपुर,

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा एवं निर्देशों की अनुपालना में जिले में आमजन को राज्य सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी एवं फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ सीधे उनके घर-द्वार तक पहुँचाने के लिए जिले में चल रहे ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी की अध्यक्षता में डीओआईटी सभागार में वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में आयोजित किए जा रहे ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के संचालन, विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं, योजनाओं की प्रगति तथा आमजन को दिए जा रहे लाभों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने सभी जिला, उपखण्ड एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को उनकी आवश्यक सरकारी सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर सरल, सुगम और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविरों में प्राप्त होने वाले प्रत्येक आवेदन, शिकायत एवं प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण करते हुए निर्धारित समय सीमा में उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाए तथा पात्र लाभार्थियों को अधिकतम संख्या में लाभान्वित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत प्रगति प्रतिवेदनों का अवलोकन किया गया। जिला कलक्टर ने उपखण्डवार लंबित प्रकरणों की स्थिति, आवेदन निस्तारण, योजनाओं के क्रियान्वयन तथा उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाए ताकि एक ही स्थान पर आमजन को विभिन्न विभागों की सेवाएं सहजता से उपलब्ध हो सकें। उन्होंने शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी बल देते हुए कहा कि अधिक से अधिक नागरिकों तक इन शिविरों की जानकारी पहुंचे, जिससे पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ उठा सकें।
जिला कलक्टर ने सभी जिला, उपखण्ड एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा शिविरों के दौरान राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक व्यापक रूप से पहुंचाई जाए तथा पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही पंजीयन एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद बबली राम जाट, सहित उपखंड एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *