कार्रवाई न होने से नाराज युवक 132 केवी हाईटेंशन टावर पर चढ़ा प्रशासन में हड़कंप
1 min readजमीनी विवाद ने लिया नया मोड़ कार्रवाई न होने से नाराज युवक 132 केवी हाईटेंशन टावर पर चढ़ा, पुलिस में मचा हड़कंप
रुदौली अयोध्या।
बाबा बाजार थाना क्षेत्र के बढ़ई मिश्र का पुरवा, मजरा सैदपुर में जमीनी विवाद का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। गांव निवासी विकास कोरी ने आरोप लगाया था कि 20 जून को उसे समझौते के बहाने बुलाकर मारपीट की गई, जान से मारने की कोशिश की गई और बाद में धमकी भी दी गई। पीड़ित का कहना है कि उसने थाना बाबा बाजार में तहरीर दी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उसने थाना प्रभारी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई थी। इसी बीच रविवार को मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब विकास कोरी अपनी मांगों और कार्रवाई की मांग को लेकर गांव के पास लगे 132 केवी हाईटेंशन विद्युत टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही बाबा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए। पुलिस अधिकारियों ने युवक को समझाने का प्रयास किया। पीड़ित का आरोप है कि कार्रवाई न होने और लगातार जान-माल के खतरे के कारण वह यह कदम उठाने को मजबूर हुआ। उसने निष्पक्ष जांच, मुकदमा दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
फिलहाल पुलिस युवक को सुरक्षित नीचे उतारने और पूरे मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने में जुटी है। मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान की प्रतीक्षा है।

