June 13, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

सैंपऊ में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई: 50 अवैध जंपर केबल जब्त, 4 ट्रांसफार्मर उतारे, लाखों की वसूली

1 min read
Spread the love

,

सैंपऊ, धौलपुर
बिजली चोरी और बकाया वसूली के खिलाफ जयपुर डिस्कॉम द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को सैंपऊ उपखंड क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। विभागीय टीम ने विभिन्न गांवों में छापेमारी कर करीब 50 अवैध जंपर केबल जब्त किए, जबकि लाखों रुपये के बकायादारों पर भी सख्त कार्रवाई की गई।
अधिशाषी अभियंता गोविंद सिंह के निर्देशन एवं सहायक अभियंता पुष्पेंद्र चौधरी के नेतृत्व में सैंपऊ, हाजीपुर, सरेखी, पीपरीपुरा, मंडा काकोली और नुनेहरा गांवों में अभियान चलाया गया। जांच के दौरान बिजली चोरी में उपयोग किए जा रहे लगभग 50 अवैध जंपर केबल जब्त किए गए, जिससे क्षेत्र में बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अभियान के दौरान करीब 3 लाख रुपये की बकाया राशि वाले चार थ्री-फेज ट्रांसफार्मरों को भी उतार दिया गया। इसके अलावा लंबे समय से बकाया नहीं चुकाने वाले तीन उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन विच्छेदित कर उनके एसीआर मीटर जब्त किए गए।
विभागीय कार्रवाई का असर मौके पर ही देखने को मिला, जब तीन उपभोक्ताओं ने तत्काल 1 लाख 15 हजार रुपये की बकाया राशि जमा करा दी। कुल मिलाकर करीब 5.50 लाख रुपये की बकाया राशि से जुड़े मामलों में कार्रवाई की गई।
कार्रवाई में एटीपीएस थाना धौलपुर पुलिस टीम का भी सहयोग रहा। अभियान में विभाग के करीब एक दर्जन अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। सहायक अभियंता पुष्पेंद्र चौधरी ने कहा कि बिजली चोरी और बकाया वसूली के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विशेष बात यह रही कि विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के ईमानदार उपभोक्ताओं में संतोष देखा गया, क्योंकि बिजली चोरी और बकाया के कारण होने वाले राजस्व नुकसान का असर सीधे विद्युत व्यवस्था पर पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *