जमीन विवाद गहराया, पैतृक, कृषि व सरकारी परती भूमि पर कब्जे का आरोप, डीएम से कार्रवाई की मांग
1 min readअयोध्या में जमीन विवाद गहराया: पैतृक, कृषि व सरकारी परती भूमि पर कब्जे का आरोप, डीएम से कार्रवाई की मांग
बीमार पिता के इलाज के दौरान अतिक्रमण बढ़ाने का आरोप, नीम का पेड़ कटवाने की भी शिकायत
मिल्कीपुर, अयोध्या।
तहसील मिल्कीपुर क्षेत्र के थाना खंडासा अंतर्गत पूरे झाऊ मिश्र, बकचुना गांव में भूमि विवाद का मामला सामने आया है। गांव निवासी संतोष मिश्र ने जिलाधिकारी अयोध्या को शिकायती पत्र देकर गांव के ही प्रेमनाथ मिश्रा पुत्र शिवहरख मिश्रा पर पैतृक एवं कृषि योग्य भूमि पर कथित अतिक्रमण करने तथा सरकारी परती जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता संतोष मिश्र पुत्र गजाधर नाथ मिश्र के अनुसार, उनके पिता पिछले तीन वर्षों से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और उनका इलाज दिल्ली स्थित अस्पताल में चल रहा है। आरोप है कि इसी दौरान उनकी अनुपस्थिति का लाभ उठाकर पड़ोसी द्वारा कथित रूप से जमीन पर कब्जा बढ़ाया जाता रहा। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि गाटा संख्या 614 के समीप स्थित उनकी भूमि पर लगा नीम का पेड़ जबरन कटवा दिया गया। विरोध करने पर संबंधित व्यक्ति द्वारा उक्त जमीन को अपनी बताते हुए हस्तक्षेप न करने की चेतावनी देने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि विवादित स्थल पर विपक्षी के नाम कोई भूमि दर्ज नहीं है। शिकायती पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपित व्यक्ति पर पूर्व में सरकारी परती भूमि, गाटा संख्या 626, पर कब्जा कर मकान निर्माण कराने के मामले में मुकदमा दर्ज होने का दावा किया गया है, जिसका मुकदमा संख्या T202404230402355 बताई गई है। पीड़ित का कहना है कि पारिवारिक परिस्थितियों और पिता की गंभीर बीमारी के कारण वह मामले की प्रभावी पैरवी नहीं कर सके, जिससे कथित रूप से अतिक्रमण बढ़ता गया। उन्होंने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच कराकर भूमि पर हो रहे कथित अतिक्रमण को रुकवाने तथा संबंधित के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

