राष्ट्रीय जनगणना 2026-27 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 34 प्रगणक सम्मानित
1 min read
बांदा।
राष्ट्रीय जनगणना 2026-27 के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले 34 प्रगणकों को तहसील अतर्रा में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। उप जिलाधिकारी अतर्रा राहुल द्विवेदी एवं तहसीलदार राजीव कुमार ने सभी चयनित प्रगणकों को प्रशस्ति पत्र, डायरी एवं पेन प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की।
समारोह को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और नीतियों की आधारशिला होती है। ऐसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को समयबद्ध और शत-प्रतिशत पूर्ण करना प्रगणकों की मेहनत, लगन और जिम्मेदारी का परिचायक है। उन्होंने कहा कि प्रगणकों ने व्यक्तिगत समस्याओं और व्यस्तताओं को पीछे छोड़ते हुए राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी तथा निर्धारित समय से पहले जनगणना कार्य पूर्ण कर एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
सम्मानित प्रगणकों में अतुल कुमार अवस्थी, मंजू, ज्योति अवस्थी, रितु अग्रवाल, महेश गर्ग, राजेंद्र वर्मा, पवन गुप्ता सहित अन्य कर्मियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने सभी प्रगणकों के समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कानूनगो क्षत्रपाल सिंह, नायब तहसीलदार शिवम मौर्य तथा पर्यवेक्षक शशांक शेखर मिश्र भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि इनके सकारात्मक मार्गदर्शन, सहयोग और सतत निगरानी के कारण जनगणना कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सका। कार्यक्रम का समापन सभी सम्मानित प्रगणकों को शुभकामनाएं देकर किया गया।

