मनरेगा योजना में बड़ा खेल फर्जी हाजिरी लगाकर हो रहा भुगतान नाबालिग से मजदूरी का वीडियो वायरल
1 min readअयोध्या में मनरेगा योजना में बड़ा खेल | फर्जी हाजिरी लगाकर हो रहा भुगतान | नाबालिग से मजदूरी का वीडियो वायरल
धरातल पर मजदूर कम, रजिस्टर में संख्या ज्यादा | अमानीगंज ब्लॉक में मनरेगा घोटाले के आरोप
मिल्कीपुर अयोध्या।
अयोध्या जनपद के अमानीगंज विकास खंड अंतर्गत मनरेगा योजना में बड़े पैमाने पर अनियमितता और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। जहां फर्जी हाजिरी लगाकर सरकारी धन का भुगतान किया जा रहा है, जबकि मौके पर मजदूरों की संख्या रिकॉर्ड से काफी कम पाई गई। इतना ही नहीं, मनरेगा कार्य में नाबालिग बालक से मजदूरी कराने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पहला मामला अमानीगंज ब्लॉक के खंडासा गांव का है, जहां चकमार्ग पटाई कार्य में मजदूरों की फर्जी हाजिरी लगाकर धन निकासी की बात सामने आई है। वायरल वीडियो में नाबालिग समेत करीब 10 मजदूर काम करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि मनरेगा पोर्टल के हाजिरी रजिस्टर में 21 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज बताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि जियो-टैगिंग किसी अन्य स्थान पर की जाती है और वास्तविक कार्य दूसरी जगह कराया जाता है। नाम न छापने की शर्त पर एक ग्रामीण ने बताया कि हाजिरी लगाने के बाद कुछ मजदूर ग्राम प्रधान के निजी खेतों में काम करने चले जाते हैं।
वहीं दूसरा मामला पूरा उर्फ सुमेरपुर गांव का है, जहां तालाब खुदाई कार्य में भी अनियमितता के मामले देखे गए। शनिवार को मौके पर करीब 12 मजदूर काम करते दिखाई दिए, जबकि हाजिरी रजिस्टर में 93 मजदूरों के नाम दर्ज पाए गए। मौके पर सीमित मजदूर कार्य करते नजर आए, लेकिन रिकॉर्ड में भारी संख्या दिखाई गई। सूत्रों की मानें तो गांव से बाहर रह रहे लोगों के नाम पर भी हाजिरी लगाए जाने की चर्चा है।
मनरेगा जैसी ग्रामीण रोजगार योजना में सामने आए इन आरोपों ने योजना की पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर क्या कदम उठाया जाता है।

