पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के दो शातिर अपराधी को किया गिरफ्तार चार बाइक बरामद
1 min readअयोध्या पुलिस का बड़ा एक्शन

रामजन्मभूमि थाना पुलिस के हत्थे चढ़े बाइक चोर गैंग के दो शातिर सदस्य, चोरी की 4 मोटरसाइकिलें बरामद
अयोध्या में वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रामजन्मभूमि पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। देर रात अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं, जिनकी कीमत लाखों में बताई जा रही है।
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान टिकरी निवासी अमित सिंह और दर्शननगर निवासी शुभम चौधरी के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि रेलवे स्टेशन क्षेत्र से रात के अंधेरे में बाइक चोरी कर उन्हें छिपाकर रखते थे और मौका मिलते ही बेचने की फिराक में थे।
बरामद मोटरसाइकिलों में टीवीएस सेंट्रा, सुपर स्प्लेंडर, एचएफ डीलक्स और पैशन प्रो शामिल हैं। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है।
चौंकाने वाली बात यह है कि मुख्य आरोपी अमित सिंह पर पहले से ही चोरी, आर्म्स एक्ट, पॉक्सो और एससी/एसटी एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वहीं शुभम चौधरी का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है।
एसएसपी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक सुमित कुमार श्रीवास्तव की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है।
