अवैध खनन एवं परिवहन की रोकथाम, धरपकड़ तथा प्रभावी निगरानी हेतु पुलिस द्वारा सघन अभियान
1 min readधौलपुर राजस्थान।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण झोरड़ के सुपरविजन में जिले में प्रतिबंधित चम्बल बजरी के अवैध खनन एवं परिवहन की रोकथाम, धरपकड़ तथा प्रभावी निगरानी हेतु पुलिस द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जिलेभर की पुलिस टीमें पूर्ण तत्परता, सतर्कता एवं समन्वय के साथ लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं।
जिले के संवेदनशील एवं चम्बल नदी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सरमथुरा से लेकर राजाखेड़ा तक के प्रमुख घाटों एवं संभावित अवैध खनन स्थलों पर विशेष निगरानी व्यवस्था स्थापित की गई है। इन क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा नियमित गश्त, आकस्मिक निरीक्षण एवं निगरानी गतिविधियाँ बढ़ाई गई हैं, जिससे अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।
अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का भी उपयोग किया जा रहा है। इसके तहत चम्बल नदी क्षेत्र के प्रमुख घाटों एवं दुर्गम इलाकों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है। ड्रोन सर्विलांस के माध्यम से न केवल अवैध खनन गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, बल्कि संदिग्ध गतिविधियों एवं परिवहन मार्गों की भी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे त्वरित कार्यवाही संभव हो सके।
पुलिस प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि प्रतिबंधित चम्बल बजरी के अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्यवाही की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या संरक्षण को गंभीरता से लिया जाएगा।
साथ ही आमजन से अपील की गई है कि वे अवैध खनन से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिससे ऐसे असामाजिक एवं अवैध गतिविधियों पर समय रहते प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। पुलिस प्रशासन द्वारा आमजन की सूचना को गोपनीय रखते हुए त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।


ब्यूरो विजय शर्मा
