May 14, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

लोक सेवा आयोग में असिस्टेंट प्रोफेसर (हिन्दी) पद पर चयन, मेरिट में हासिल किया नौवां स्थान

1 min read
Spread the love

अतर्रा की बेटी ने बढ़ाया नगर का मान
हरियाणा लोक सेवा आयोग में असिस्टेंट प्रोफेसर (हिन्दी) पद पर चयन, मेरिट में हासिल किया नौवां स्थान

अतर्रा बांदा

नगर के लिए अत्यंत गर्व और खुशी का विषय है कि प्रतिभाशाली बेटी कु० वंशिका दीक्षित ने अपनी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित चयन प्रक्रिया में असिस्टेंट प्रोफेसर (हिन्दी) पद पर सफलता प्राप्त करते हुए योग्यता सूची में नौवां स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे अतर्रा क्षेत्र में हर्ष और गौरव का वातावरण है।

विशेष बात यह है कि वंशिका ने बिना किसी कोचिंग संस्थान की सहायता लिए केवल स्वअध्ययन, निरंतर परिश्रम और सही रणनीति के माध्यम से यह मुकाम हासिल किया। छोटे नगर और सीमित संसाधनों के बीच इतनी बड़ी सफलता प्राप्त कर उन्होंने यह सिद्ध कर दिया कि सच्ची लगन और मेहनत से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

कु० वंशिका दीक्षित ने अतर्रा महाविद्यालय से स्नातक एवं परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। इससे पूर्व भी उन्होंने उत्तर प्रदेश सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा में प्रदेश स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। साथ ही बिहार शिक्षक भर्ती में भी उनका चयन हो चुका है।

अब उनकी नियुक्ति हरियाणा के जिला पलवल स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर (हिन्दी) पद पर हुई है, जहाँ वह शीघ्र ही कार्यभार ग्रहण करेंगी। उनकी इस सफलता का श्रेय उनके माता-पिता के त्याग, संस्कार और प्रोत्साहन को भी दिया जा रहा है, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में सदैव उनका उत्साहवर्धन किया।

वंशिका की सफलता में अतर्रा महाविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर एवं हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ० वेदप्रकाश द्विवेदी तथा भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ० आर.एस. त्रिपाठी के मार्गदर्शन और स्नेह की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

नगरवासियों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने कु० वंशिका दीक्षित को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए इसे पूरे अतर्रा नगर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *