चोरों का आतंक चार दुकानों के ताले तोड़े, दो जगह नकदी चोरी,
1 min readबाड़ी में चोरों का आतंक: चार दुकानों के ताले तोड़े, दो जगह नकदी चोरी,
बाड़ी, धौलपुर
शहर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बीती रात और शुक्रवार को चोरी की चार अलग-अलग वारदातें सामने आईं, जिनमें चोरों ने परचून, तेल मिल और गल्ले सहित चार दुकानों को निशाना बनाया। दो दुकानों से नकदी चोरी हो गई, जबकि दो जगह चोरी का प्रयास विफल रहा। पीड़ित दुकानदारों ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात भारद्वाज मार्केट और अंबेडकर सर्किल स्थित तीन दुकानों के ताले तोड़े गए। इनमें सचिन बंसल की परचून की दुकान, बृजेश उर्फ बिज्जो अग्रवाल की तेल मिल एवं गल्ले की दुकान तथा मनीष बंसल की परचून की दुकान शामिल हैं।
बताया गया कि सचिन बंसल की दुकान के शटर के ताले तोड़ने के बाद भी चोर अंदर प्रवेश नहीं कर सके, क्योंकि अंदरूनी लॉक नहीं खुल पाया। वहीं मनीष बंसल की दुकान में चोर घुस तो गए, लेकिन कोई सामान या नकदी चोरी नहीं कर सके। दूसरी ओर बृजेश उर्फ बिज्जो अग्रवाल की तेल मिल और गल्ले की दुकान से गल्ले की पेटी में रखी नकदी चोरी हो गई।
इससे पहले गुरुवार रात अग्रवाल धर्मशाला के पास स्थित गोपाल पुत्र गयाप्रसाद वैश्य की रंगाई-पुताई की दुकान में भी चोरी की वारदात हुई। चोर दुकान के ताले तोड़कर गल्ले की पेटी से करीब दो हजार रुपये की नकदी चुरा ले गए। पीड़ित गोपाल ने बताया कि सुबह दुकान खोलने पर उन्हें ताले टूटे मिले और नकदी गायब थी।
घटनाओं की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, लेकिन अधिकांश कैमरे खराब होने के कारण चोरों तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

