थाना समाधान दिवस में कुल 19 में सिर्फ 1 शिकायत का निस्तारण लेखपालों की गैरहाजिरी पर उठे सवाल
1 min readसर्किल के तीनो थाना समाधान दिवस में कुल 19 में सिर्फ 1 शिकायत का निस्तारण लेखपालों की गैरहाजिरी पर उठे सवाल
मिल्कीपुर अयोध्या
शनिवार को कोतवाली इनायत नगर सर्किल के तीनों थानों में आयोजित थाना समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनने के लिए अधिकारियों ने जनसुनवाई की, लेकिन प्राप्त 19 शिकायतों में से मात्र 1 शिकायत का ही मौके पर निस्तारण हो सका। शेष 18 मामलों के लिए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को जांच कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में हल्का लेखपालों की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय बनी रही।
कोतवाली इनायतनगर में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार तथा S P ग्रामीण बलवंत चौधरी ने की। इस दौरान थाना प्रभारी रतन कुमार शर्मा भी मौजूद रहे। यहां कुल 13 शिकायतें दर्ज की गईं, लेकिन एक भी मामले का मौके पर समाधान नहीं हो सका। अधिकारियों ने सभी मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए राजस्व निरीक्षक एवं पुलिस टीम को संयुक्त जांच कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं थाना कुमारगंज में उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया, जहां कुल 3 शिकायतें प्राप्त हुईं। यहां भी किसी भी मामले का तत्काल निस्तारण नहीं हो पाया। शिकायतों को जांच के लिए संबंधित विभागों को अग्रसारित कर दिया गया।
उधर थाना खंडासा में क्षेत्राधिकारी पीयूष रंजन एवं थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार सोनकर की मौजूदगी में समाधान दिवस का आयोजन हुआ। यहां कुल 3 शिकायतें आईं, जिनमें से 1 शिकायत का मौके पर निस्तारण कर फरियादी को राहत पहुंचाई गई, जबकि शेष मामलों को जांच हेतु लंबित रखा गया।
अधिकारियों ने लंबित शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम पारदर्शिता के साथ जांच करेगी और निर्धारित समय सीमा में शिकायतों का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। फरियादियों को भरोसा दिलाया गया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा।
समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने एक-एक फरियादी की समस्या गंभीरता से सुनी और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन राजस्व विभाग के हल्का लेखपालों की अनुपस्थिति ने व्यवस्था की गंभीरता पर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए। फरियादियों के बीच यह चर्चा रही कि यदि मौके पर संबंधित राजस्व कर्मी मौजूद रहते तो कई मामलों का तत्काल निस्तारण संभव हो सकता था।
थाना समाधान दिवस का उद्देश्य जनता को त्वरित न्याय और स्थानीय स्तर पर विवादों का समाधान उपलब्ध कराना है, किंतु 19 में केवल 1 शिकायत का निस्तारण यह संकेत देता है कि व्यवस्था को और अधिक सक्रिय एवं जवाबदेह बनाए जाने की आवश्यकता है।
दिनेश कुमार

