कांग्रेस का प्रदर्शन, महिला आरक्षण तत्काल लागू करने की मांग, केंद्र सरकार पर निशाना,
1 min readधौलपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन: महिला आरक्षण तत्काल लागू करने की मांग, केंद्र सरकार पर निशाना,
धौलपुर
धौलपुर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महिला आरक्षण विधेयक को तुरंत लागू करने की मांग को लेकर जोरदार आवाज उठाई। कार्यक्रम में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रभारी एवं पूर्व विधायक साफिया जुबेर ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए विधेयक के लागू करने में देरी का आरोप लगाया।
साफिया जुबेर ने कहा कि संसद द्वारा वर्ष 2023 में महिला आरक्षण विधेयक पारित किया जा चुका है, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार इसे लागू करने में अनावश्यक देरी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल चुनावी फायदे के लिए महिलाओं के मुद्दों को उठाती है, जबकि वास्तविक अधिकार देने से बचती है।
उन्होंने महिला आरक्षण को जनगणना और परिसीमन से जोड़कर लागू करने को महिलाओं के साथ अन्याय बताया और सवाल उठाया कि जब विधेयक पास हो चुका है, तो इसे 2029 तक टालने की क्या जरूरत है। कांग्रेस ने मांग की कि इसे आगामी चुनावों से ही लागू किया जाए।
इस दौरान करौली-धौलपुर सांसद भजनलाल जाटव, धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाहा, राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा और बसेड़ी विधायक व जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय कुमार जाटव, कांग्रेस सेवा दल जिला अध्यक्ष समृद्धि दीक्षित सहित कई नेताओं ने सभा को संबोधित किया।
सांसद भजनलाल जाटव ने केंद्र सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि महिला आरक्षण लागू करने के मामले में भी सरकार गंभीर नहीं है। उन्होंने धौलपुर-करौली-गंगापुर रेल लाइन के दूसरे चरण के कार्य जल्द शुरू होने की जानकारी भी दी, जिसे क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग बताया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
(विशेष: महिला आरक्षण को लेकर सियासत तेज, कांग्रेस ने बढ़ाया दबाव)

विजय कुमार शर्मा
