April 15, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

डांग क्षेत्र के विकास को मिलेगी गति, लंबित कार्यों पर सख्ती के निर्देश

1 min read
Spread the love


धौलपुर,

जिला स्तरीय डांग क्षेत्रीय विकास समिति की बैठक का आयोजन जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में किया गया। बैठक में डांग विकास कार्यक्रम के तहत संचालित योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए कलक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आवंटित बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्र के पिछड़े इलाकों में विकास की रफ्तार तेज हो और आमजन के जीवन स्तर में वास्तविक सुधार आ सके।
जिला कलक्टर ने सभी विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों के प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करें। उन्होंने विशेष रूप से राजाखेड़ा क्षेत्र में कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन पंचायतों में कार्य प्रारंभ नहीं हुए हैं, वहां सरपंचों को तत्काल कार्य शुरू करने के लिए पाबंद करने को कहा गया।
बैठक में यह भी सामने आया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य पूर्ण नहीं हुए हैं। इस पर जिला कलक्टर ने गुणवत्ता के साथ मरम्मत कार्यों को पूरा करने और दोबारा एस्टीमेट तैयार कर अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सरकारी भवनों की जर्जर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने छतों पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, नियमित सफाई कराने तथा क्षतिग्रस्त विद्यालय भवनों पर आरसीसी छत निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता और क्षमता के आधार पर ही निर्माण कार्य किए जाएं।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी अहम निर्देश दिए गए। बड़ागांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए बजट आवंटन, चीलपुरा स्वास्थ्य केंद्र की मरम्मत तथा मछरिया गांव में पोल शिफ्टिंग के मामलों की जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। राजाखेड़ा में निर्माणाधीन अस्पताल परिसर की सफाई व्यवस्था पर असंतोष जताते हुए संबंधित ठेकेदार के खिलाफ जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने कर्मचारियों की वेतन संबंधी समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश देते हुए कहा कि जिन अधिकारियों के कार्य अधूरे हैं, वे समयबद्ध तरीके से उन्हें पूर्ण करें। हैंडपंप स्वीकृत होते ही तत्काल स्थापना सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने आंगनबाड़ी, विद्यालय, पशुपालन एवं चिकित्सा विभागों को निर्देशित किया कि वे डांग क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर जिला परिषद को भिजवाएं। इसके साथ ही स्कूटी वितरण योजना में पारदर्शिता बनाए रखने हेतु नियमानुसार समिति गठित कर पात्र लाभार्थियों का चयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि डांग क्षेत्र के समग्र विकास में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाए। बैठक में विधायक धौलपुर शोभारानी कुशवाह, बाड़ी जसवंत सिंह गुर्जर, बसेड़ी संजय जाटव, राजाखेड़ा रोहित बोहरा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ए एन सोमनाथ, उपवन संरक्षक वी चेतन कुमार, उपखंड अधिकारी धौलपुर कर्मवीर सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

ब्यूरो विजय शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *