रामपुर जोहन बिजैयानपुर तिवारी का पुरवा में सड़क निर्माण स्वीकृत, ग्रामीणों में खुशी की लहर
1 min readअयोध्या

जनपद के मिल्कीपुर क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर एक बड़ी पहल सामने आई है। मिल्कीपुर विधानसभा से नव निर्वाचित भाजपा विधायक चन्द्र भान पासवान के प्रयासों से विकास खण्ड हैरिंग्टनगंज की ग्राम पंचायत रामपुर जोहन के मजरा बिजैयानपुर (तिवारीपुरवा) में सड़क निर्माण का आदेश जारी कर दिया गया है।
यह सड़क लगभग 800 मीटर लंबी होगी, जो बिजैयानपुर से वारिष्ट बूथ प्रभारी मथुरा प्रसाद तिवारी के घर तक बनाई जाएगी। लंबे समय से इस मार्ग के निर्माण की मांग ग्रामीणों द्वारा की जा रही थी, जिसे अब विधायक के हस्तक्षेप और ग्रामवासियों के अथक प्रयास से स्वीकृति मिल गई है।
बताया जा रहा है कि इस कार्य में बूथ प्रभारी मथुरा प्रसाद तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने लगातार इस मुद्दे को जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष उठाया। उनके साथ-साथ गांव के अन्य लोगों ने भी एकजुट होकर सड़क निर्माण की मांग को मजबूती से रखा।
सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलते ही पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क के बनने से आवागमन में काफी सुविधा होगी, खासकर बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच भी आसान हो जाएगी।
ग्रामीणों ने विधायक चन्द्र भान पासवान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे गांव की तस्वीर बदलने में मदद मिलेगी।

