प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर कांग्रेस हुई मुखर, डीएम को सौंपा ज्ञापन
1 min readप्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर कांग्रेस हुई मुखर, डीएम को सौंपा ज्ञापन
लूट बंद नहीं हुई तो होगा आंदोलन : अभिषेक सिंह ‘राणा’
सुलतानपुर

जिले में प्राइवेट स्कूलों की मनमानी के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस पार्टी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि निजी स्कूलों की लूट पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई तो कांग्रेस के लोग सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन के बाद जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा कि ‘प्राइवेट स्कूलों ने शिक्षा को व्यापार बना दिया है और गरीब व मध्यम वर्ग के अभिभावकों का खुला शोषण हो रहा है।’ उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ‘यह आखिरी चेतावनी है, अगर फीस की लूट, जबरन ड्रेस और किताबों के नाम पर वसूली बंद नहीं हुई तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर निर्णायक संघर्ष करेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।’
शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा कि निजी स्कूलों की मनमानी अब बर्दाश्त के बाहर हो चुकी है। हर साल अभिभावकों से मोटी रकम वसूली जा रही है। यह गरीबों के हक पर सीधा डाका है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि निजी स्कूलों की मनमानी फीस वृद्धि पर रोक लगाई जाए, बिना अनुमति पाठ्यक्रम व किताबें बदलने वाले स्कूलों पर कार्रवाई हो, बार-बार ड्रेस बदलने की प्रथा खत्म की जाए और कमजोर वर्ग के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा दी जाए। साथ ही निजी स्कूलों की सालाना आय की जांच कराने की भी मांग की गई है।कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी बृहस्पतिवार को जिले में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे हालात गरमा सकते हैं। इस मौके पर राहुल त्रिपाठी, ओम प्रकाश सिंह,हरीश त्रिपाठी, सलाहुद्दीन हाशमी, सुरेन्द्र शुक्ल, रणजीत सिंह सलूजा, निकलेस सरोज,शरद श्रीवास्तव, शुव्रत सिंह,अपरबल सिंह, जाकिर हसन,मो मंसूर, अतीक अहमद,उमाकांत त्रिपाठी, इमरान अहमद,प्रभा शंकर मिश्र,सुरेश चंद्र मिश्र, विकास मिश्र,शीतला प्रसाद साहू समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।
